भारतीय जनता पार्टी की देश के दो तिहाई से ज्यादा राज्यों में सरकार है। केंद्र में मोदी सरकार ने दोबारा ऐतिहासिक जीत दर्ज करते हुए सत्ता हासिल की थी। वहीं अब राजनीतिक रणनीतिकार प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) ने बड़ी भविष्यवाणी की है। आई-पैक प्रमुख किशोर ने राहुल गांधी को खरी-खरी सुनाते हुए कहा कि राहुल गांधी भ्रम में न रहें। बीजेपी कहीं जाने वाली नहीं है। बीजेपी दशकों तक सत्ता में रहेगी।
‘दशकों तक सत्ता में काबिज रहेगी BJP’
चुनावी रणनीतिकार और इंडियन पॉलिटिकल ऐक्शन कमेटी (I-PAC) के अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने बड़ी बात कही है। उन्होंने एक अंग्रेजी के अख़बार को दिए गए एक साक्षात्कार में कहा कि, भारतीय जनता पार्टी आने वाले दशकों तक राजनीति में मजबूत ताकत बनी रहेगी। जिस तरह से 40 साल पहले तक कांग्रेस सत्ता का केंद्र रही, उसी तरह भाजपा भी सत्ता के केंद्र में बनी रहेगी। चाहे चुनाव हारे या जीते। किशोर का मानना है कि भाजपा से ‘कई दशकों तक’ कांग्रेस और अन्य दलों को लड़ना होगा। किशोर ने आगे कहा कि, एक बार जब कोई राष्ट्रीय स्तर पर 30 फीसदी वोट हासिल कर लेता है तो इतने जल्दी राजनीतिक तस्वीर से नहीं हटता।
राहुल गांधी भ्रम में न रहें- Prashant Kishor
प्रशांत किशोर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) को खरी-खरी सुनाई हैं। पीके ने कहा कि, ‘इस मामले में राहुल गांधी के साथ दिक्कत है। शायद उन्हें लगता है कि बस कुछ समय में लोग उन्हें (नरेंद्र मोदी) को सत्ता से हटा देंगे लेकिन ऐसा नहीं होगा।’ पीके ने कहा, ‘जब तक आप मोदी की ताकत का अंदाजा नहीं लगा लेते, आप उन्हें हराने के लिए कभी भी काउंटर नहीं कर पाएंगे। ज्यादातर लोग उनकी ताकत को समझने में समय नहीं लगा रहे हैं। पीके ने कहा कि, राहुल गांधी भ्रम में न रहें।