प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi Live) ने आज अपने एक ट्वीट से सबको चौंका दिया। पीएम मोदी ने सुबह-सुबह ट्वीट कर लिखा कि वह आज सुबह 10 बजे राष्ट्र के नाम संबोधित करेंगे। इसके बाद कई तरह के कयास लगने शुरू हो गए। पीएम ने राष्ट्र के नाम संबोधित करते हुए कई बड़ी बातें कहीं। उन्होंने कहा कि, 100 करोड़ वैक्सीनेशन डोज महज एक आंकड़ा नहीं बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है।
‘100 करोड़ आंकड़ा नहीं.. नए अध्याय की शुरूआत’
राष्ट्र के नाम संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने कहा कि, ‘21 अक्टूबर को भारत ने असाधारण लक्ष्य हासिल किया है। 100 करोड़ वैक्सीनेशन डोज महज एक आंकड़ा नहीं बल्कि एक नए अध्याय की शुरुआत है। भारत का पूरा वैक्सीनेशन प्रोग्राम विज्ञान की कोख में जन्मा है, वैज्ञानिक आधारों पर विकसित हुआ है और वैज्ञानिक तरीकों से चारों दिशाओं में पहुंचा है।’
प्रधानमंत्री ने देश को संबोधित करते हुए कहा कि, भारत का वैक्सीनेशन (Vaccination) अभियान सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास का सबसे जीवंत उदाहरण है। पीएम ने कहा कि, 100 करोड़ वैक्सीन डोज का एक प्रभाव ये भी होगा कि दुनिया अब भारत को कोरोना से ज्यादा सुरक्षित मानेगी। एक फार्मा हब के तौर पर भारत को दुनिया में जो स्वीकृति मिली है, उसे और मजबूती मिलेगी। आज पूरा विश्व भारत की इस ताकत को देख रहा है और महसूस कर रहा है।
100 करोड़ वैक्सीन हर सवाल का जबाव- PM Modi Live
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के नाम अपने संबोधन में वैक्सीन पर उठ रहे सवालों को लेकर बड़ी बात कही है। पीएम ने कहा, जब 100 साल की सबसे बड़ी महामारी आई, तो भारत पर सवाल उठने लगे। क्या भारत इस वैश्विक महामारी से लड़ पाएगा? भारत दूसरे देशों से इतनी वैक्सीन खरीदने का पैसा कहां से लाएगा? भारत को वैक्सीन कब मिलेगी? तरह तरह के सवाल उठ रहे थे। लेकिन आज ये 100 करोड़ वैक्सीन डोज, हर सवाल का जवाब दे रही है।
पीएम ने कहा कि भारत के लिए, भारत के लोगों के लिए ये भी कहा जा रहा था कि इतना संयम, इतना अनुशासन यहाँ कैसे चलेगा? लेकिन हमारे लिए लोकतंत्र का मतलब है-‘सबका साथ’ है।