कानपुर देहात जिले के 25 परिवारों के 55 लोगों को दबंगों ने बेघर कर दिया
स्टोरी हाईलाइट्स
UP में दबंगों के हौसले बुलंद
25 परिवारों ने छोड़ा घर
मीडिया के दखल पर दर्ज हुई FIR
रामराज्य कहे जाने वाले उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) में दबंगों के हौसले बुलंद हैं। सरकार लाख दावे करती है कि यूपी में कानून व्यवस्था चौकस है लेकिन इन सब दावों से इतर कानपुर देहात (Kanpur Dehat) में दबंगों के खौफ के चलते 25 परिवारों ने पलायन कर लिया है। इन सभी परिवारों के लगभग 55 सदस्य गांव के बाहर खेतों में छप्पर डालकर रहने को मजबूर हैं। पलायन करने वाले परिवारों का आरोप है कि गांव के कुछ दबंगों ने उनके घर पर जबरदस्ती कब्जा कर लिया है और पुलिस भी इनकी मदद नहीं कर रही है।
परिवार ने खेतों में डाला डेरा Kanpur Dehat
कानपुर देहात जिले के मंगलपुर थाना क्षेत्र के टिसौली गांव में 25 परिवारों ने दबंगों के खौफ की वजह से अपने घरों को छोड़कर खेतों में जाकर रहने लगे। परिवार का आरोप है कि गांव के दीपू, अहमद, राजेन्द्र की नजर उनके मकानों पर रहती थी। वह उसे कब्जाना चाहते थे। लेकिन दबंगों के खौफ के आगे पीड़ित परिवारों की एक न चल सकी। परिवार के मुताबिक दबंगों ने घर में रहने पर जान से मारने की धमकी भी दी थी और इन लोगों को मारा पीटा भी था। जिसके बाद पीड़ित परिवार पुलिस (Up Police) दबंगों की शिकायत करने पुलिस के पास भी गया। लेकिन पीड़ित परिवारों की सुनने वाला कोई नहीं था। पीड़ित सभी 25 परिवारों ने गांव से करीब 1 किलोमीटर दूर खेतों में जाकर रहने लगे।
पीड़ित परिवार के मुताबिक सभी परिवार दबंगों की शिकायत करने स्थानीय थाने पर भी गए थे। लेकिन पुलिस ने कोई केस दर्ज नहीं किया था। जब मामला मीडिया में सामने आया तो पुलिस हरकत में आई और आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कुछ आरोपियों को गिरफ्तार भी कर लिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच मे जुटी है।